जयपुर. पाकिस्तान से विस्थापित एक मासूम बच्ची सहित 21 लोगों को बुधवार को जयपुर में भारतीय नागरिकता प्रदान की गई। जयपुर कलेक्ट्रेट परिसर के सभागार में संभागीय आयुक्त केसी वर्मा और जिला कलेक्टर जगरूप सिंह यादव ने इन पाक विस्थापित लोगों को भारतीय गणतंत्र की नागरिकता के प्रमाण पत्र प्रदान किए।
ऐसे में बरसों बाद भारतीय नागरिकता मिलते ही भारत माता की जय और वंदेमातरम के उद्घोष से गूंजायमान हो गया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि इस दिन का बीते कई सालों से इंतजार कर रहे थे। आखिर, बुधवार को अधिकारिक रूप से भारत का नागरिक बनते का सपना पूरा हुआ। जिससे उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।
जिला कलेक्टर जगरूप सिंह यादव ने भारतीय नागरिकता मिलने पर सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि करीब 63 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता दिए जाने की प्रक्रिया चल रही थी। इनमें से 21 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता बुधवार को प्रदान की गई है। इससे पहले भी जयपुर में पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता दी जा चुकी है।
नागरिकता लेने वाले लोगों ने कहा कि भारत में आने के बाद वे वीजा पर रहे। नागरिकता नहीं होने से काफी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा था । लेकिन अब लंबे समय बाद भारतीय नागरिक बन गए है। इस दौरान निमित्तेकम संस्था के अध्यक्ष जय आहूजा भी मौजूद रहे। जिनकी संस्था की पहल से यह संभव हो सका